जयदा शिव मंदिर घाट पर स्वर्णरेखा नदी में डूबे युवक का शव बरामद, 24 घंटे बाद मिला शव

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 09 जून : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के प्राचीन जयदा शिव मंदिर घाट के समीप स्वर्णरेखा नदी में डूबे युवक का शव मंगलवार शाम करीब 5 बजे बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी स्थित आदर्श नगर निवासी प्रेम कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार सोमवार शाम अपने एक मित्र के साथ जयदा शिव मंदिर पहुंचा था। मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा खोज अभियान शुरू किया गया। मंगलवार सुबह से स्थानीय गोताखोर युवक की तलाश में जुटे थे। बाद में एनडीआरएफ की टीम भी जयदा पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया।

करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार शाम युवक का शव बरामद किया गया। इस अभियान में एनडीआरएफ की टीम के साथ चांडिल डैम स्थित स्वर्णरेखा समिति के स्थानीय गोताखोरों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

घटना की सूचना मिलने पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो भी जयदा पहुंचीं और प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ सीएम हेमंत सोरेन के मामा चारु चांद किस्कू भी मौजूद थे।

युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान या गहरे जलाशय, नदी एवं नालों में बिना सावधानी के प्रवेश न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Share This Article