जमशेदपुर : परसुडीह थाना के बगल में होटल में चोरी, पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर : परसुडीह थाना के बगल में होटल में चोरी, पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल

जमशेदपुर, 25 जुलाई : परसुडीह थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक होटल में बीती रात चोरों ने नगदी सहित अन्य सामानों पर हाथ साफ कर पुलिस को चुनौती दी है। बताया जा रहा है कि होटल का ताला तोड़कर नकदी, गैस सिलेंडर सहित होटल में रखे खाने पीने के चीजों की चोरी की गई हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ जमशेदपुर एसएसपी अपराध पर अंकुश लगाने के लिए बार बार पुलिस अधिकारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दे रहे हैं तो दूसरी ओर अपराध रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। कहीं न कहीं एसएसपी के निर्देशों के पालन में शिथिलता बरती जा रही हैं, तभी तो थाना के बगल में ही चोरी की घटना हो रही हैं।

बताया जा रहा है कि परसुडीह थाना से महज 100 मीटर दूर स्थित अभिषेक हेल्थ केयर सेंटर के नीचे संचालित एक होटल में शुक्रवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, होटल संचालक पशुपति नाथ रात में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। आज सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दो गैस सिलेंडर, 1300 रुपए नकद, पानी की पांच पेटी, कोल्ड ड्रिंक की तीन पेटी सहित अन्य खाने-पीने की सामग्री की चोरी हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। होटल संचालक ने बताया कि चोरी से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

थाना से चंद कदम की दूरी पर हुई इस चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि थाना के इतने करीब चोरी हो सकती है, तो इलाके में पुलिस गश्ती की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पुलिस मामले की जांच कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article