फिर से शुरू होगा आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी मेमू रेल सेवा, पुरुलिया को बड़ी राहत

Manbhum Updates
2 Min Read

फिर से शुरू होगा आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी मेमू रेल सेवा, पुरुलिया को बड़ी राहत

 

पुरुलिया, 7 फरवरी : कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी मेमू रेल सेवा (63591/63592) को पुनः शुरू करने की मंज़ूरी मिल गई है। रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह रेल सेवा शीघ्र ही दोबारा परिचालन में लाई जाएगी, जिससे पुरुलिया जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेल सेवा की बहाली से क्षेत्रीय विकास, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह मेमू रेलगाड़ी बर्नपुर, दामोदर, मधुकुंडा, मुराडीह, रामकनाली, बेरो, जयचंडी पहाड़, अनारा, बगलिया, कुस्तौर, छर्रा, पुरुलिया, गौरीनाथधाम, चास रोड, गरजाईपुर, डमरुगुठू, पुंडाग और राधागांव स्टेशनों पर ठहराव के साथ चलेगी। इससे छात्रों, श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों एवं छोटे व्यापारियों को सुगम और सुलभ आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

उल्लेखनीय है कि इस रेल सेवा के लंबे समय तक बंद रहने के कारण आम यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की निरंतर मांग और पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो द्वारा रेल मंत्री से बार-बार किए गए अनुरोध के बाद यह निर्णय संभव हो सका।

सांसद ने कहा कि यह रेल सेवा केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि पुरुलिया और जंगलमहल क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक जीवनरेखा है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस निर्णय के लिए माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share This Article