डेंगू नियंत्रण को लेकर टास्क फोर्स की बैठक, जन-जागरूकता और निगरानी पर जोर

जमशेदपुर, 9 अगस्त : जिला में डेंगू के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने की।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि अब तक जिले में 28 डेंगू मरीजों की पहचान की जा चुकी है। प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में एंटी-लार्वा स्प्रे, सफाई अभियान और रोकथाम संबंधी उपाय लागू किए जा रहे हैं।
उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों, निजी संस्थानों और शहरी निकायों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित सफाई, फॉगिंग और जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों से रोजाना डेंगू मामलों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने और किसी भी नए मामले पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
जन-जागरूकता के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, और अन्य माध्यमों से लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताने की योजना पर भी चर्चा हुई। निर्माणाधीन भवनों और जलजमाव वाले स्थानों की नियमित जांच पर विशेष बल दिया गया।
शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग, नालों की सफाई और जलजमाव खत्म करने के लिए अभियान तेज करने तथा विभिन्न प्रचार माध्यमों से डेंगू के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार, डीएमओ डॉ. ए. मित्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, एमओआइसी, निजी अस्पतालों, जुस्को, कंपनियों और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



