डीसी ने किया ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल की समीक्षा
सरायकेला, 29 सितंबर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को सरायकेला स्थित सामुदायिक भवन में बने ईवीएम वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह समेत विभिन्न पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ईवीएम, वीवीपैट, बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) के सुरक्षित रख-रखाव की जानकारी ली। उन्होंने वेयर हाउस भवन की स्थिति, सुरक्षा मानकों के तहत उपलब्ध सुविधाओं, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा प्रवेश और निकास व्यवस्था का भी जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से ईवीएम और वीवीपैट के रख-रखाव तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की नियमित समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने प्रवेश-निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा आवश्यक अभिलेखों का नियमित रूप से संधारण और अद्यतन करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वेयर हाउस का नियमित निरीक्षण करने, साफ-सफाई समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



