बनसा में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ, 31 मई को होगा पूर्णाहूति
चांडिल, 25 मई : चांडिल प्रखंड अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के बानसा गांव में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार को हुआ। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल है। अनुष्ठान के पहले दिन सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चियां पीले वस्त्र धारण कर शामिल हुईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो उठा। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
कलश यात्रा के साथ श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं जयघोष करते हुए कथा स्थल तक पहुंचे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 25 से 31 मई तक आयोजित इस सात दिवसीय श्रीमद् भागवत पाठ एवं प्रवचन कार्यक्रम में प्रतिदिन सुबह 7 बजे पूजा-अर्चना, गीता पाठ एवं आरती तथा संध्या 6:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा एवं मंगल आरती का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन के लिए व्यासपीठ पर संजय पांडेय बैठेंगे, जबकि पूजा-अर्चना का दायित्व रघुनाथ पांछेय निभा रहे हैं।