आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो का कोल्हान दौरा, कई कार्यक्रमों में हुए शामिल – दिवंगत रामदास सोरेन को लेकर कहा……

जमशेदपुर/चक्रधरपुर, 21 अगस्त : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो बुधवार को कोल्हान दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और लोगों से मुलाकात की।
सबसे पहले वे चक्रधरपुर पहुंचे, जहां मधुसूदन स्कूल के संस्थापक एवं चेयरमैन श्यामसुंदर महतो के श्राद्धभोज में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद चाईबासा सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की।
राजनगर में उन्होंने आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप महतो से उनके आवास पर भेंट की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों उनके पैर का ऑपरेशन हुआ था और वे वर्तमान में घर पर ही इलाजरत हैं।
इसके पश्चात सुदेश महतो जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किया और शोकसंतप्त परिवार से भेंटकर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन झारखंड की राजनीति और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। वे जमीनी स्तर के नेता थे और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका अग्रणी रही। शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा विभाग में नई पहल की थी, लेकिन दुर्भाग्य है कि उनके सपने अधूरे रह गए।
इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, सत्यनारायण महतो, चंद्रगुप्त सिंह, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, प्रवीण प्रभाकर, संजय मेहता, सागेन हांसदा सहित अन्य कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



