झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने JSSC अधिकारियों से की मुलाकात, नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जताया भरोसा

रांची, 21 अगस्त : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता सह बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने गुरुवार को रांची स्थित झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कार्यालय में सचिव सुधीर कुमार गुप्ता और परीक्षा नियंत्रक अरविंद लाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य की नियुक्ति हेतु चल रहे Document Verification प्रक्रिया में आ रही समस्याओं पर चर्चा की।
कुणाल षाड़ंगी ने अधिकारियों के समक्ष कहा कि अन्य राज्यों के विभिन्न संस्थानों से शिक्षक प्रशिक्षण (Teacher Training) का कोर्स करने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ों की कमी के कारण नोटिस जारी किया गया है। इस पर सचिव और परीक्षा नियंत्रक ने उन्हें आश्वस्त किया कि JSSC द्वारा जारी विज्ञापन के प्रावधानों के आधार पर ही सभी आवेदनों की जाँच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिन मामलों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को समान कारणों से नोटिस किया गया है, वहां शिक्षा विभाग से मंतव्य लेने पर विचार किया जा रहा है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक प्रिंट के मिलान में गड़बड़ी के कारण नोटिस मिला है, उनका पुनः वेरिफ़िकेशन शीघ्र ही JSSC कार्यालय में करवाया जाएगा।
दोनों पदाधिकारियों ने कुणाल षाड़ंगी को भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है और योग्य उम्मीदवारों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होगा।



