दलमा घाटी में बड़ा हादसा टला : अनियंत्रित कार खाई में गिरी, पेड़ ने बचाई जान

पटमदा/चांडिल, 30 जुलाई : प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर लेकिन खतरनाक मोड़ों वाली दलमा घाटी में बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया। लगभग तीन बजे के करीब पिंडराबेड़ा के पास घाटी की चढ़ाई के दौरान एक अनियंत्रित कार अचानक खाई की ओर फिसल गई। लेकिन सौभाग्य से करीब 200 फीट नीचे गिरने से पहले ही एक मजबूत पेड़ से टकराकर कार वहीं अटक गई और बड़ा हादसा टल गया।
कार में जमशेदपुर निवासी दो लोग सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी-वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर निकाला।
बाद में वन विभाग की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को रस्सियों की मदद से ऊपर खींचने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि यदि कार पेड़ से न टकराती तो यह गहरी खाई में गिरकर एक भीषण हादसे में तब्दील हो सकती थी।
स्थानीय प्रशासन ने घाटी में यात्रा करने वालों से सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की है, क्योंकि दलमा की सड़कें खूबसूरत तो हैं, लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।



