अफीम, ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए सघन छापामारी : उपायुक्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अफीम, ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए सघन छापामारी : उपायुक्त

संवाददाता खूंटी, 07 अगस्त : खूंटी जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में NCORD की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त द्वारा मादक द्रव्य पदार्थों के नियंत्रण हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी द्वारा अफीम की खेती के मामले में की गई एफआईआर, एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई एवं अन्य कार्रवाई की जानकारी दी गई। प्रस्तुत प्रतिवेदनों के सभी बिंदुओं की उपायुक्त द्वारा समीक्षा की गयी एवं सभी संबंधित अधिकारियों को अग्रेतर कार्रवाई हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी व अंचल अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ अपने संबंधित क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती एवं अन्य मादक द्रव्य पदार्थों को चिह्नित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने जिले की सीमाओं एवं विद्यालयों के आस पास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं कार्रवाई को लेकर निर्देशित किया गया। साथ हीं विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में अफीम, ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों को लेकर आवश्यक रूप से सघन छापामारी अभियान चलाया जाए, साथ ही मादक पदार्थों के खरीद-बिक्री करने वाले दोषियों के विरुद्ध भी त्वरित एवं विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। मादक पदार्थों के परिवहन पर भी विशेष निगरानी रखी जाए। उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों पर पूर्णतया विराम लगाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। मौके पर पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, NCORD के सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article