“आकांक्षा हाट” में जेएसएलपीएस व स्कूली छात्र-छात्राओं ने हस्तशिल्प, पेंटिंग, हैंडलूम की लगाई प्रदर्शनी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

“आकांक्षा हाट” में जेएसएलपीएस व स्कूली छात्र-छात्राओं ने हस्तशिल्प, पेंटिंग, हैंडलूम की लगाई प्रदर्शनी

संवाददाता खूंटी, 07 अगस्त : नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत गुरुवार को कचहरी मैदान, खूंटी में तीन दिवसीय “आकांक्षा हाट” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका विधिवत शुभारंभ खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा ने किया। आकांक्षा हाट कार्यक्रम 7 से 9 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य लोकल फॉर वोकल की तर्ज पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है, ताकि शिल्प, स्वदेशी उत्पाद एवं प्रयासों को एक सशक्त मंच मिल सके और जिले की आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ किया जा सके।

आकांक्षी हाट में जेएसएलपीएस के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कालामाटी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, बिरहू के छात्र-छात्राओं द्वारा हस्तशिल्प, पेंटिंग, हैंडलूम आदि की सुंदर प्रदर्शनी लगाई गई है, जहां लोग विभिन्न स्थानीय निर्मित सामग्री की खरीदारी कर रहे है। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और लोगों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

मौके पर विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि महिलाओं के विकास के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने आमजन से इन योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता और प्रतिभा को निखारने का प्रयास करना चाहिए तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने उत्पादों को बाजार में बेचकर ग्रामीण अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकते हैं।

मौके पर खूंटी के सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य वक्ताओं ने जिले में उपलब्ध प्राकृतिक उत्पादों के परिप्रेक्ष्य में विविध प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित लोगों से जागरूक होकर उनका लाभ लेने की अपील की।

Share This Article