चांडिल में मिली मुखबधिर युवती की नहीं हो सकी पहचान, जिला प्रशासन ने लोगों से की मदद की अपील

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल में मिली मुखबधिर युवती की नहीं हो सकी पहचान, जिला प्रशासन ने लोगों से की मदद की अपील

 

चांडिल, 10 मार्च : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में एक अज्ञात मुखबधिर युवती को पुलिस ने बरामद किया है, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। युवती को सुरक्षित रूप से जिला प्रशासन द्वारा वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है। चांडिल पुलिस ने सतर्कता बरती और उसे बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, फलस्वरूप युवती बिल्कुल सुरक्षित है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार चांडिल थाना पुलिस ने उक्त युवती को बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवती मुखबधिर है और वह बोलने में असमर्थ है। इतना ही नहीं, वह इशारों के माध्यम से भी अपने घर, माता-पिता या किसी रिश्तेदार के बारे में जानकारी नहीं दे पा रही है। इसके कारण उसकी पहचान कर पाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

इस मामले में बाल कल्याण समिति के पूर्व चेयरमैन महावीर महतो भी सक्रिय होकर युवती की पहचान कराने के प्रयास में जुटे हुए हैं। उन्होंने अपने स्तर से आसपास के क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर युवती के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश शुरू की है।

महावीर महतो ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति इस युवती को पहचानता हो या उसके परिवार के बारे में किसी प्रकार की जानकारी रखता हो, तो तुरंत चांडिल थाना पुलिस या जिला प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि युवती को उसके परिवार से मिलाया जा सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी का अपने परिवार से बिछड़ना अत्यंत पीड़ादायक होता है। ऐसे में समाज के हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य है कि वह आगे आकर प्रशासन की मदद करे, ताकि यह मुखबधिर युवती जल्द से जल्द अपने माता-पिता और परिवार तक सकुशल पहुंच सके।

 

MANBHUM UPDATES परिवार अपील करती है कि यदि कोई व्यक्ति फोटो में दिख रही इस युवती को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो कृपया तुरंत चांडिल थाना अथवा जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि इस बेटी को उसके परिवार से मिलाने में मदद मिल सके।

Share This Article