डीसीसी एवं डीएलआरसी की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डीसीसी एवं डीएलआरसी की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

सरायकेला, 08 जून: समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की मार्च 2026 तिमाही समीक्षा बैठक उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के साख-जमा अनुपात (सीडी रेशियो), वार्षिक साख योजना, कृषि एवं स्वरोजगार आधारित ऋण वितरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, स्वनिधि एवं मुद्रा योजना के लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बैठक में ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बैंकिंग संवाददाता केंद्र (बीसी प्वाइंट), एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया। साथ ही वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

अग्रणी जिला प्रबंधक बरुण कुमार चौधरी ने केसीसी संतृप्तिकरण अभियान में तेजी लाने तथा स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर बल दिया। बैठक में आरबीआई, नाबार्ड, जिला उद्योग केंद्र एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article