जंगली हाथी का कहर, तीन घर ध्वस्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जंगली हाथी का कहर, तीन घर ध्वस्त

नीमडीह के हुटू गांव में तड़के मची अफरा-तफरी, पीड़ितों में दहशत

नीमडीह, 01 फरवरी : नीमडीह थाना क्षेत्र के अंडा गांव के समीप स्थित हुटू गांव में रविवार तड़के जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचाया। सुबह करीब 3 बजे हाथी ने गांव में घुसकर तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना से पीड़ित परिवारों में सत्य नारायण दास, नगेन प्रामाणिक एवं अधिर प्रामाणिक शामिल हैं।

 

अचानक हुए हमले से गांव में दहशत का माहौल है और लोग पूरी रात भय के साये में रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने चांडिल रेंज वन विभाग से मांग की है कि जंगली हाथी को आबादी से दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में भेजने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान कर राहत पहुंचाने की भी जोरदार मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन वन विभाग की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।

Share This Article