पांच वर्षीय बालक को सांप ने डंसा, समय पर इलाज से बची जान

पश्चिम सिंहभूम, 18 जुलाई : गुआ थाना क्षेत्र के ठाकुरा गांव में गुरुवार शाम एक पांच वर्षीय बालक को जहरीले सांप ने डंस लिया। पीड़ित बालक की पहचान लालमोहन चम्पिया (पिता – गोरे चम्पिया) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लालमोहन स्कूल से घर लौटने के बाद अमरूद तोड़ने गया था, इसी दौरान उसके बाएं पैर के अंगूठे में सांप ने काट लिया।
घटना के तुरंत बाद लालमोहन किसी तरह घबराते हुए घर पहुंचा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने समय गंवाए बिना उसे गुआ स्थित सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की स्थिति अब खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण बच्चे की जान बच गई।
हालांकि फिलहाल चिकित्सक उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं। गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल है। परिजन व ग्रामीण भगवान का शुक्र मना रहे हैं कि समय पर इलाज मिलने से एक मासूम की जान बच गई।



