
चांडिल थाना क्षेत्र में जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में चला विशेष वाहन जांच अभियान, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर वाहन चालकों को दी गई सख्त हिदायत
चांडिल, 30 अक्टूबर : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को चांडिल थाना क्षेत्र के पाटा टोल प्लाजा के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी शांकरचार्य सामद के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे और प्रतिबंधित स्थलों पर वाहन खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 92,650 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से हाईवे पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वाले चालकों में हड़कंप रहा। अभियान के दौरान विशेष रूप से नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी शांकरचार्य सामद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या है। सड़क किनारे, विशेषकर भारी वाहनों को प्रतिबंधित स्थलों पर खड़ा करने से अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
उन्होंने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की हिदायत दी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।