
जिला नियोजनालय में 27 और 30 अक्टूबर को लगे शिविर, पांच नियोजक संस्थानों ने विभिन्न पदों के लिए लिया साक्षात्कार
सरायकेला, 30 अक्टूबर : जिले के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल के तहत जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला-खरसावां में 27 और 30 अक्टूबर को रोजगार शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में विभिन्न नियोजक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 55 योग्य अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनकी नियुक्ति सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर के अलावा गुजरात, पुणे और चेन्नई स्थित प्रतिष्ठानों में की जाएगी।
जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लकड़ा ने बताया कि रोजगार शिविर में रामकृष्णा कास्टिंग सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ए.के. इंटरप्राइजेज, युवा शक्ति फाउंडेशन और यूनिक सॉल्यूशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के मानव संसाधन (एचआर) प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर साक्षात्कार लिया।
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को ट्रेनी, सीएनसी मशीन ऑपरेटर, जनरल फिटर, मार्केटिंग असिस्टेंट, एमआईजी वेल्डर, गैस वेल्डर, फैब्रिकेटर, प्लाज्मा सीएनसी रोबो ऑपरेटर, वीएमसी ऑपरेटर, टर्नर मशीनिस्ट और फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया है।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि जिला नियोजनालय के माध्यम से समय-समय पर रोजगार शिविर और रोजगार मेले आयोजित किए जाते हैं, ताकि जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने युवाओं से जिला नियोजनालय में अपना निबंधन कराने और भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार शिविरों में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला नियोजनालय के माध्यम से आयोजित सभी रोजगार शिविरों और नियोजन संबंधी सेवाओं की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को किसी भी स्तर पर किसी प्रकार का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है।
रोजगार शिविरों के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लकड़ा, मॉडल कैरियर सेंटर के वाईपी रवि प्रकाश सिंह, रमण कुमार, सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान संबंधित नियोजक संस्थानों के एचआर प्रतिनिधि भी मौजूद थे।