अपने बच्चे का स्कूल में कराना है दाखिला तो इन बातों का रखें ध्यान, डीईओ ने की है अपील

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला, 09 अप्रैल : स्कूल में बच्चों का नामांकन कराने के पूर्व अभिभावकों को अब कई बातों का ध्यान रखने की जरूरत है। कहीं ऐसा ना हो कि बच्चे का नामांकन कराने के बाद भविष्य में आपको परेशानियों का सामना करना पड़े। सरायकेला-खरसावां के जिला शिक्षा अधीक्षक ने अपील जारी करते हुए अभिभावको को कई सुझाव दिए हैं। डीईओ ने अभिभावकों के लिए एक आवश्यक सूचना जारी की गई है। इसमें नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बच्चों का नामांकन कराने से पहले संबंधित निजी विद्यालय की मान्यता की जांच करने की अपील की गई है।

जिला शिक्षा अधीक्षक ने अभिभावकों से गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों में नामांकन कराने से बचने की अपील की है। जारी सूचना में कहा गया है कि गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकन कराने से छात्रों को भविष्य में कई तकनीकी और शैक्षणिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से, ऐसे विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों का APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) एवं PEN ID (Permanent Education Number) नहीं बन पाता, क्योंकि इन विद्यालयों का डेटा सरकारी पोर्टल पर दर्ज नहीं होता है।

इसके अलावा, ऐसे विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के स्थानांतरण (टीसी/ट्रांसफर) में भी कठिनाई आती है। U-DISE पोर्टल पर डेटा उपलब्ध नहीं होने के कारण ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया बाधित हो सकती है। वहीं, गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों के पास U-DISE कोड भी नहीं होता, जिससे छात्रों की शैक्षणिक पहचान अधूरी रह जाती है। डीईओ ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही नामांकन कराएं। साथ ही, नामांकन से पूर्व संबंधित विद्यालय की सरकारी मान्यता की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

सुनिए मशहूर बॉलीवूड गायिका सोना महापात्र का संदेश 

Share This Article