राजनीतिक साज़िश के विरोध में उबाल, तरुण महतो की रिहाई की मांग को लेकर 25 नवंबर को सरायकेला में शांतिपूर्ण धरना का आह्वान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राजनीतिक साज़िश के विरोध में उबाल, तरुण महतो की रिहाई की मांग को लेकर 25 नवंबर को सरायकेला में शांतिपूर्ण धरना का आह्वान

चांडिल, 23 नवंबर : JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो को रंगदारी मांगने के कथित आरोप में जेल भेजे जाने के खिलाफ संगठन और समर्थकों में आक्रोश गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे पर रविवार को चांडिल डाकबंगला में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्रवाई को पूरी तरह राजनीतिक साजिश बताया गया।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि तरुण महतो पर लगाए गए आरोप निराधार और दबाव में किए गए हैं। संगठन का दावा है कि यह प्रकरण राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से प्रेरित है और किसी भी प्रकार के ठोस सबूत के बिना उन्हें फंसाया गया है।

संगठन ने घोषणा की कि 25 नवंबर को सरायकेला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा।

धरने का उद्देश्य न केवल तरुण महतो की निष्पक्ष जांच और शीघ्र रिहाई की मांग उठाना है, बल्कि उन सभी निर्दोष लोगों के अधिकारों की लड़ाई को भी मजबूत करना है, जिन्हें बिना पर्याप्त प्रमाण के आरोपित किया जाता है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण और अनुशासित होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर न्याय की मांग को बुलंद करने की अपील की।

सभा के दौरान एक स्वर में कहा गया— “हम न्याय के साथ हैं, हम शांतिपूर्ण हैं, लेकिन अन्याय के खिलाफ डटे रहेंगे।”

Share This Article