उपायुक्त ने स्वयं किया स्व-गणना पंजीकरण, जिलेवासियों से जनगणना 2027 अभियान में सहभागिता की अपील

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 12 मई : भारत की जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में स्व-गणना प्रक्रिया को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय से निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर जिलेवासियों से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक अपनी एवं अपने परिवार की सही एवं अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक, विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित बनेंगे। सटीक आंकड़े भविष्य में विद्यालय, अस्पताल, सड़क एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विकास योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित अवधि के भीतर se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें एवं जनगणना अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, “हमने अपनी जिम्मेदारी निभाई, अब आपकी बारी है।” साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। स्व-गणना के उपरांत गणनाकर्मी द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया भी संपन्न की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।

Share This Article