आदित्यपुर में आकाशवाणी केंद्र की जमीन पर विवाद तेज, निजी दावेदार और विभाग आमने-सामने

आदित्यपुर, 22 नवंबर : जिला प्रशासनिक उलझनों के बीच आदित्यपुर में आकाशवाणी केंद्र से सटी जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया है। आकाशवाणी की बाउंड्री के बाहर बने पार्क को अब तक आयडा (जियाडा) की संपत्ति बताया जाता रहा, लेकिन स्थानीय निवासी राजीव कुमार ने इस जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए घेराबंदी शुरू कर दी, जिसे पुलिस ने रोक दिया।
राजीव का कहना है कि उनके पिता ने यह जमीन 1982 में खरीदी थी (डीड संख्या 2773/2794) और कुल 15.5 डिसमिल जमीन में से 8.5 डिसमिल पर बिना अधिग्रहण पार्क बना दिया गया, जबकि 7 डिसमिल आकाशवाणी ने अपनी बाउंड्री में शामिल कर गैरेज बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिग्रहण के नाम पर उनके परिवार को कभी मुआवजा नहीं मिला।
पूर्व डीसी रवि शंकर शुक्ला ने मामले की जांच का निर्देश दिया था, लेकिन आवास बोर्ड ने अब तक अंचल कार्यालय को रिपोर्ट नहीं भेजी। 14 मई 2025 को जारी मापी नोटिस के बावजूद किसी विभाग ने दावा या आपत्ति दर्ज नहीं कराई। राजीव का कहना है कि विभागीय लापरवाही और राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
आकाशवाणी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की, लेकिन थाना प्रभारी विनोद तिर्की का कहना है कि कागजात की जांच के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।
राजीव ने पूरा मामला हाईकोर्ट में उठाया है और कोर्ट का फैसला आने तक यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।



