विधायक दशरथ गागराई ने रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यों की सराहना की, आपदा प्रबंधन और सेवा विस्तार पर लिए गए अहम निर्णय

सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और एम्बुलेंस सेवा पर हुआ ज़ोर
सरायकेला, 31 जुलाई : जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में आज रेड क्रॉस सोसाइटी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की। बैठक में विधायक दशरथ गागराई की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर रेड क्रॉस की सशक्त भूमिका, आपदा प्रबंधन की रणनीति तथा संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में उपायुक्त ने रेड क्रॉस को जनसेवा का सशक्त माध्यम बताते हुए सदस्यता विस्तार, प्रभावशाली संचालन और व्यापक जनभागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन रेड क्रॉस की हर सकारात्मक पहल में सहयोग करेगा।
इस दौरान विधायक दशरथ गागराई ने रेड क्रॉस के प्रयासों की सराहना करते हुए आपातकालीन सेवा हेतु एक एम्बुलेंस प्रदान करने की घोषणा की, जिससे आपदा की स्थिति में तत्काल राहत सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में लिए गए ये प्रमुख निर्णय – रेड क्रॉस के लिए स्थायी कार्यालय भवन की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। आदित्यपुर (आइडा क्षेत्र) स्थित कैंप कार्यालय को पुनः सक्रिय किया जाएगा। जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिला स्तरीय CSR बैठकों में रेड क्रॉस की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हर प्रखंड, नगर पंचायत और नगर निगम क्षेत्र में नियमित रक्तदान शिविरों का आयोजन होगा।स्कूल-कॉलेजों में मॉक ड्रिल के ज़रिए आपदा तैयारी को मज़बूती दी जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन कार्य योजना में रेड क्रॉस की भूमिका को स्पष्ट किया जाएगा। सभी शैक्षणिक संस्थानों में जूनियर एवं यूथ रेड क्रॉस यूनिट्स की स्थापना की जाएगी। जिले की आपदा प्रबंधन योजना इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा तैयार की जाएगी। आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के लिए समर्पित व्हाट्सएप समूह बनाया जाएगा। औद्योगिक सुरक्षा के लिए विशेष योजना और मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जन-जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव के माध्यम से रेड क्रॉस की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में रेड क्रॉस अध्यक्ष आर. के. सिन्हा, सचिव दया शंकर मिश्रा, तथा अन्य सदस्यों में ओम प्रकाश, विश्वनाथ पाढ़ीहारी, संतोष कुमार सिंह, राजेश कुमार मिश्रा, मनोज चौधरी, सुमित चौधरी, राघव कुमार, श्वेता कुमारी और गौर महतो शामिल रहे।
यह बैठक जिले में रेड क्रॉस के पुनर्गठन और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।



