जमशेदपुर : छायानगर में निर्माणाधीन सड़क का विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर
जमशेदपुर, 12 अगस्त : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मंगलवार को भुइयांडीह स्थित छायानगर में रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट (RCD) द्वारा बनाई जा रही बिटुमिनस कंक्रीट सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अभियंताओं, संवेदक और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि सड़क मजबूत और दीर्घकालिक उपयोग योग्य बनी रहे। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि सामग्री की गुणवत्ता, लेवलिंग और फिनिशिंग में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
निरीक्षण के उपरांत विधायक पूर्णिमा दास साहू ने बस्तिवासियों के साथ सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, जलापूर्ति, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने विधायक के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने से स्थानीय आवागमन में काफी सुविधा होगी और बरसात के दिनों में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।



