फाइलेरिया उन्मूलन अभियान : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्वयं दवा खाकर जिलेवासियों को किया जागरूक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्वयं दवा खाकर जिलेवासियों को किया जागरूक


सरायकेला, 12 अगस्त : राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने निर्धारित औषधि का स्वयं सेवन किया और जिलेवासियों से भी इस दवा का सेवन करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समय पर औषधि सेवन और आवश्यक सावधानियों से फाइलेरिया (हाथीपाँव) रोग से बचाव और नियंत्रण संभव है।

उपायुक्त ने बताया कि फाइलेरिया एक दीर्घकालिक और मच्छरजनित रोग है, जो शरीर के विभिन्न अंगों में स्थायी सूजन पैदा कर सकता है। इसका कोई स्थायी उपचार उपलब्ध नहीं है, लेकिन Mass Drug Administration (MDA) अभियान के तहत दी जाने वाली दवा पूरी तरह सुरक्षित है और नियमित सेवन से रोग की रोकथाम संभव है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवा घर-घर जाकर स्वास्थ्यकर्मियों या निर्धारित औषधि वितरण केंद्रों के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि, 2 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी।

उपायुक्त ने दिए ये निर्देश :

सभी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्यकर्मी की देखरेख में निर्धारित मात्रा में दवा का सेवन करें। घर और आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके। मच्छरदानी और अन्य मच्छररोधी उपायों का नियमित उपयोग करें।

उपायुक्त ने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता से जिले में फाइलेरिया का पूर्ण उन्मूलन संभव है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को 100% लक्षित लाभुकों तक दवा सेवन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

इस मौके पर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी सरायकेला, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सरायकेला, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article