श्रावण की पहली सोमवारी पर दलमा शक्ति पीठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतार
चांडिल, 20 जुलाई : पवित्र श्रावण माह की पहली सोमवारी के अवसर पर दलमा पहाड़ की चोटी पर स्थित प्रसिद्ध शक्ति पीठ में सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पहाड़ की कठिन चढ़ाई के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
दलमा समिति के सदस्य रविन्द्र सरदार ने बताया कि श्रावण माह के प्रत्येक रविवार और सोमवार को दलमा शक्ति पीठ जाने वाले श्रद्धालुओं से माकुलाकोचा स्थित वन विभाग के प्रवेश द्वार (गेट) पर किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
श्रावण माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दलमा समिति ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता बनाए रखने तथा मंदिर परिसर एवं वन क्षेत्र की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।