

डॉक्टर्स डे पर आजसू नेता हरेलाल महतो ने बढ़ाया चिकित्सकों का हौसला, मरीजों की सेवा के साथ अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
चांडिल, 01 जुलाई : राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों का सम्मान किया। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की तथा भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डॉक्टर्स डे के मौके पर हरेलाल महतो की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं और समाज में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के बाद हरेलाल महतो ने अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जनहित को देखते हुए अस्पताल में अविलंब चार से पांच चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए, ताकि लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
हरेलाल महतो ने 23 करोड़ रुपये की लागत से बने नए अनुमंडल अस्पताल भवन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बावजूद वर्षों से उसका समुचित संचालन शुरू नहीं हो पाया है। बार-बार टेंडर और मरम्मत कार्य होना सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने सरकार से अस्पताल भवन को शीघ्र पूर्ण रूप से चालू कर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

























