छात्रवृत्ति को लेकर आजसू छात्र संघ का आक्रोश, आज कल्याण कॉम्प्लेक्स का करेंगे घेराव
रांची, 08 अक्टूबर : राज्य सरकार द्वारा लंबित छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी को लेकर आजसू छात्र संघ ने सरकार पर तीखा प्रहार किया है। मंगलवार को रांची में आयोजित एक प्रेस वार्ता में आजसू छात्र संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। महीनों से छात्र अपनी छात्रवृत्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
बबलू महतो ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर सरकार हमारे भविष्य से खिलवाड़ करेगी, तो छात्र अब चुप नहीं बैठेंगे। 8 अक्टूबर, यानी आज पूरे झारखंड के छात्र रांची स्थित कल्याण कॉम्प्लेक्स का घेराव करेंगे। यह सरकार के लिए अंतिम चेतावनी है — या तो छात्रवृत्ति तुरंत जारी करो, वरना आंदोलन उग्र होगा।”
उन्होंने कहा कि आजसू छात्र संघ ने हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की है, लेकिन सरकार के बहरे कानों तक छात्रों की आवाज़ नहीं पहुंच पा रही है। अब यह आंदोलन छात्रों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई बन गया है।
बबलू महतो ने सभी जिलों के छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से 8 अक्टूबर को रांची पहुंचकर कल्याण कॉम्प्लेक्स के घेराव में शामिल होने की अपील की।