झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष ने खूंटी में विभागीय योजनाओं की ली जानकारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष ने खूंटी में विभागीय योजनाओं की ली जानकारी

खूंटी, 16 अक्टूबर : झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष शबनम परवीन ने गुरुवार को खूंटी जिला का दौरा किया। अपने दौरे के क्रम में उन्होंने परिसदन भवन में जिले के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की वस्तुस्थिति, प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की स्थिति तथा झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष के जिला एवं पंचायत स्तर पर आवंटन एवं व्यय की समीक्षा की। उन्होंने आकस्मिक खाद्यान्न कोष के आवंटन, वार्ड स्तर पर राशि की उपलब्धता, व्यय की स्थिति एवं लाभान्वित लाभुकों की संख्या का भी विस्तृत रूप से अवलोकन किया गया।

समीक्षा बैठक के दौरान राशन कार्ड निर्माण, सदस्यों के नाम जोड़ने, समय पर राशन वितरण में विलंब, निर्धारित मात्रा से कम वितरण, आईसीडीएस एवं मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित शिकायतों की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। प्रभारी अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि लंबित सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन कर रिपोर्ट आयोग को भेजें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राशन वितरण में विलंब की शिकायतों की स्थिति में संबंधित लाभुक को सवा गुना मुआवजे के साथ राशन उपलब्ध कराया जाए।

बैठक से पूर्व उन्होंने जिले के विभिन्न प्रखंडों में पीडीएस दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में एवं समय पर 100 प्रतिशत राशन वितरण, मेनू अनुसार मध्याह्न भोजन, धात्री/गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को दिए जाने वाले लाभ मिले। इस अवसर पर अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रतिभा कुजूर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article