सरायकेला में नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़, अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद

सरायकेला, 16 अक्टूबर : जिला मुख्यालय स्थित सरायकेला थाना से करीब 15 किलोमीटर दूरी पर हाथीमारा गांव के निकट पहाड़ एंव जंगल के बीच स्थित एक घर में संचालित अवैध विदेशी नकली शराब की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही पुलिस ने अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसकी जानकारी गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि उक्त विदेशी शराब निर्माण / संचालित करने में संलिप्त अन्य अभियुक्तो के विरुद्ध गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

पुलिस को मिले गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में छापामारी दल का गठन करते हुए सरायकेला थाना अंतर्गत हाथीमारा गांव के निकट पहाड़ एंव जंगल क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी के दौरान कृष्णा हेस्सा के घर के पास पहुंच कर छापामारी दल ने घेराबंदी करते हए करकटशीट के मकान में जांच किया। इतने में पुलिस को देखकर नकली विदेशी शराब बनाने वाले व्यक्ति भागने लगे जिसे छापामारी दल के द्वारा खदेड़कर दो व्यक्ति खरसावां थाना क्षेत्र के पदमपुर निवासी दिपक नापित और जोजोडीह के रहने वाले लुगनी हेम्ब्रम को गिरफ्तार किया।
छापामारी के क्रम में कृष्णा हेस्सा के घर एवं आसपास से बड़ी संख्या में विभिन्न ब्रांडों के 1440 बोतलों में कुल 2019 लीटर विदेशी शराब बरामद कर जप्त किया गया। इसके साथ ही शराब बनाने में उपयोग में लाए जाने वाले सामग्री के अलावा विभिन्न ब्रान्ड का ढक्कन (कैप), खाली पलास्टीक बोतल, शीशा का खाली बोतल, स्टीकर आदि समेत कई अन्य सामग्री बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तो ने पुछ-ताछ के क्रम में अवैध विदेशी शराब निर्माण में अन्य अभियुक्तो की संलिप्ता रहने की बात बताई है। विदित हो कि सरायकेला-खरसावां जिला में विगत कई माह से पुलिस अधीक्षक निर्देशानुसार अवैध शराब निर्माण एंव विक्री तथा मादक पदार्थों की बरामदगी हेतु निरंतर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।



