जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू अस्पताल में भर्ती, समर्थकों में चिंता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 24 जून : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य खराब होने की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में चिंता की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट आने और अस्वस्थ महसूस होने पर परिजन उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें विशेष निगरानी में रखा है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक बेहतर चिकित्सकीय देखरेख के लिए विधायक को आईसीयू/सीसीयू में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।

बताया जा रहा है कि समय पर उपचार मिलने के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने भी उनकी स्थिति को नियंत्रण में बताया है।

विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

गौरतलब है कि पूर्णिमा दास साहू हाल के दिनों में लगातार विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों, विकास योजनाओं की समीक्षा बैठकों और क्षेत्रीय गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही थीं। ऐसे में उनके अचानक अस्वस्थ होने की खबर से समर्थकों में चिंता का माहौल है। हालांकि चिकित्सकों ने बताया है कि उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है और जल्द ही उन्हें सामान्य वार्ड में शिफ्ट किए जाने पर विचार किया जा सकता है।

Share This Article