चांडिल डेली मार्केट में आम की बहार, 20 से 60 रुपये किलो तक बिक रहे रसीले फल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

प्राकृतिक रूप से पके आम की मांग अधिक, किसानों को मिल रहा सीधा लाभ

चांडिल, 24 जून : गर्मी के मौसम में चांडिल रेलवे स्टेशन रोड स्थित डेली मार्केट इन दिनों आम की खुशबू से महक उठा है। प्रतिदिन लगने वाले इस बाजार में आसपास के गांवों से सैकड़ों किसान साग-सब्जियों के साथ अपने बागानों के ताजे आम लेकर पहुंच रहे हैं। बाजार में आम की विभिन्न प्रजातियां उपलब्ध होने से खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।

बाजार में नगाड़ा, आम्रपाली, देहाती समेत कई किस्मों के आम 20 रुपये से 60 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। किसान अपने बगीचों से सीधे आम लाकर बेच रहे हैं, जिससे ग्राहकों को ताजा और अपेक्षाकृत सस्ता फल मिल रहा है। यही कारण है कि चांडिल के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी लोग यहां खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।

रेलवे स्टेशन के समीप बाजार लगने का लाभ यात्रियों को भी मिल रहा है। ट्रेन पकड़ने से पहले या उतरने के बाद कई यात्री आम और सब्जियों की खरीदारी करते नजर आते हैं। गर्मी के मौसम में आम की बढ़ती मांग के कारण विक्रेताओं की बिक्री भी अच्छी हो रही है।

रासुनिया पंचायत के मुखिया मंगल माझी पिछले दो माह से प्रतिदिन 30 से 40 किलो तक आम बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में प्राकृतिक रूप से पके हुए आम की मांग सबसे अधिक है। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसान अपने बाग-बगीचों से आम लाकर यहां बेचते हैं, जिससे उन्हें उचित मूल्य मिल रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डेली मार्केट किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित कर रहा है। इससे किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, वहीं ग्राहकों को ताजा फल और सब्जियां उचित कीमत पर उपलब्ध हो रही हैं।

Share This Article