परीक्षा से पहले ‘सुरक्षा कवच’ में रांची, 200 मीटर दायरे में सख्त पहरा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

परीक्षा से पहले ‘सुरक्षा कवच’ में रांची, 200 मीटर दायरे में सख्त पहरा

रांची, 13 फ़रवरी : राजधानी में आगामी दिनों में प्रतियोगी परीक्षार्थियों की बड़ी हलचल रहने वाली है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित कम्प्यूटर आधारित तकनीकी एवं विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा रणनीति लागू कर दी है।

यह परीक्षा 15 से 21 फरवरी, 24 से 26 फरवरी तथा 28 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित होगी। परीक्षा राजधानी के 17 केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए प्रशासन ने पहले से ही सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।

भीड़ और संभावित अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर) ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश निर्धारित तिथियों में प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। साथ ही लाउडस्पीकर के उपयोग, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र जैसे लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला, बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम या बारूद लेकर चलने तथा किसी भी तरह की सभा या बैठक आयोजित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

Share This Article