सरायकेला में सीआरपीएफ और पुलिस की भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला में सीआरपीएफ और पुलिस की भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

सरायकेला, 11 अगस्त : आजादी के अमृत महोत्सव और आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 134 बटालियन, दुगनी और सरायकेला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा दुगनी कैंप से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई एसपी कार्यालय तक पहुंची।

देशभक्ति गीतों की मधुर धुन, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगे के साथ उमड़ी भीड़ में युवाओं, अधिकारियों और आम नागरिकों का उत्साह देखने लायक था।

सीआरपीएफ 134 बटालियन के अधिकारी राजेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से 11 से 15 अगस्त तक अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने की अपील की और इसे पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।

राजेश कुमार ने कहा, “तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि यह हमारे देश की अस्मिता और बलिदान का प्रतीक है। इसका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।”

इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। आयोजन की भव्यता और देशप्रेम के जोश ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पूरे सरायकेला में उत्सव का माहौल बना दिया।

Share This Article