अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बालू लदा एक हाइवा जब्त

चांडिल, 06 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। उपायुक्त के निदेश पर बीती रात जिला खनन विभाग ने चांडिल और तिरुलडीह थाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस बल की उपस्थिति में खनिज लदे वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी में अवैध रूप से बालू ढो रहे हाइवा (संख्या JH05EB-1277) को जब्त कर संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया। वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने साफ शब्दों में कहा कि अवैध खनन अथवा खनिज परिवहन की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन या परिवहन की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।



