स्वदेशी अपना कर ही भारत को बनाया जा सकता आत्मनिर्भर : आदित्य साहू – भाजपा के आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में उमड़ा जनसैलाब
चांडिल, 12 अक्टूबर : देश में निर्मित वस्तु और उत्पादों को अपना कर ही भारत को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जन-जन की सार्थक भागीदारी जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है। उक्त बातें राज्यसभा सदस्य झारखंड बीजेपी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कही। वह रविवार को भाजपा द्वारा आहूत ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
‘विदेशी छोड़ो, स्वदेशी अपनाओ’ के संदेश को जन–जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा चांडिल स्थित मुनका स्मृति भवन में रविवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया था। सांसद आदित्य साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने हाल ही में पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ स्वदेशी निर्मित शस्त्रों से स्ट्राइक कर पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत अब आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों का इस्तेमाल करने की अपील की।





