घाटशिला उपचुनाव : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, कहा — सभी बूथ बनें मॉडल मतदान केंद्र

Manbhum Updates
3 Min Read

घाटशिला उपचुनाव : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, कहा — सभी बूथ बनें मॉडल मतदान केंद्र

जमशेदपुर/घाटशिला, 12 अक्टूबर : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) झारखंड के. रवि कुमार ने रविवार को घाटशिला अनुमंडल सभागार में 45–घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उपचुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर वरीय पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन कार्यों में “जीरो एरर” के सिद्धांत पर कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, पानी, रैंप सहित सभी एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (AMF) उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि घाटशिला के सभी मतदान केंद्र मॉडल बूथ के रूप में कार्य करेंगे।

रवि कुमार ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कोषांगों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी को अपने कार्यों की सम्पूर्ण जानकारी हो और सभी ट्रेनिंग नियमानुसार पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया प्रतिनिधियों को आयोग के दिशा-निर्देशों की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता और 40% से अधिक दिव्यांगजन के लिए घर से मतदान (होम वोटिंग) की सुविधा “सक्षम ऐप” या बीएलओ के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। वहीं जो वरिष्ठ या दिव्यांग मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करना चाहते हैं, उनके लिए वाहन, व्हीलचेयर, रैंप, स्वयंसेवक एवं सहायक की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि इस बार ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो और बड़े अक्षरों में नाम व क्रम संख्या अंकित होंगे, ताकि मतदाता आसानी से पहचान सकें।

रवि कुमार ने स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरूक करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों के गठन, कार्मिक प्रशिक्षण, आईटी एप्लिकेशन, स्ट्रांग रूम प्रबंधन, वेबकास्टिंग, लॉ एंड ऑर्डर आदि बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्त निगरानी रखने, अवैध शराब, मादक पदार्थों और नकद लेनदेन पर रोक लगाने का निर्देश भी दिया।

इस अवसर पर आईजी ऑपरेशन झारखंड माइकल राज, डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा, डीआईजी पुलिस मुख्यालय अश्विन कुमार, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, उपायुक्त–सह–जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी सहित अनेक वरीय पदाधिकारी, ईआरओ–एईआरओ एवं निर्वाचन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक के अंत में रवि कुमार ने कहा — “मतदान दिवस पर मतदाताओं के साथ सहृदय व्यवहार करें और उनके सहूलियत का पूरा ध्यान रखें, यही लोकतंत्र की सच्ची भावना है।”

Share This Article