कपाली ओपी प्रभारी पर गंभीर आरोप — जप्त लक्जरी वाहन को निजी उपयोग में लेने की चर्चा तेज

Manbhum Updates
2 Min Read

कपाली ओपी प्रभारी पर गंभीर आरोप — जप्त लक्जरी वाहन को निजी उपयोग में लेने की चर्चा तेज

चांडिल, 12 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी प्रभारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने अवैध शराब कारोबार के मामले में जप्त की गई एक लक्जरी स्कॉर्पियो गाड़ी का निजी उपयोग शुरू कर दिया है।

मामला कुछ दिनों पहले कपाली थाना क्षेत्र के तमोलिया में हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान के दौरान चार वाहनों को जब्त किया था — जिनमें एक स्कॉर्पियो और एक स्विफ्ट कार शामिल थी। सभी वाहन शराब से लदे हुए थे और इन्हें थाना परिसर में सुरक्षित रखे जाने का निर्देश दिया गया था।

हालांकि, अब यह चर्चा तेज है कि जप्त की गई स्कॉर्पियो वाहन की नंबर प्लेट हटाकर उसे निजी वाहन की तरह उपयोग किया जा रहा है। शनिवार को सरायकेला पुलिस मुख्यालय के बाहर वही वाहन देखे जाने का दावा किया जा रहा है, जिसमें खुद कपाली ओपी प्रभारी मौजूद थे। गाड़ी पर काली फिल्म भी लगी हुई बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वाहन पुलिस अभिरक्षा में होने के बावजूद प्रतिदिन सड़कों पर दौड़ती नजर आ रही है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं।

इस संबंध में जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि “मामले की जानकारी ली जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए, तो विभागीय जांच की कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल, जिले में यह चर्चा आम है कि ‘जप्त वाहन पुलिस अभिरक्षा में है या प्रभारी की सेवा में?’ — इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।

Share This Article