कपाली पुलिस की बड़ी उपलब्धि – मुठभेड़ से पहले हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार, लोडेड देशी कट्टा व जिंदा गोली बरामद
चांडिल, 01 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हथियार के साथ घूम रहे एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की शाम करीब 7:50 बजे सूचना मिली कि कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसिली के समीप दो युवक स्कूटी पर हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चांडिल) शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के समीप सुनसान स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी (26 वर्ष) निवासी निर्मलनगर दोमुहानी विलासबस्ती, थाना सोनारी, जमशेदपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बाएं कमर से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कपाली ओपी कांड संख्या 105/26 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध सोनारी, घोड़ाबांधा तथा कपाली थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इस सफल अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चांडिल) शिव कुमार ने किया। छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हसनैन अंसारी तथा कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
कपाली पुलिस की इस त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सतर्कता और सक्रियता की सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।