मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र नागरिक समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं : डीसी
सरायकेला, 01 अगस्त : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के तहत पात्र होने पर समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 05 अगस्त, 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के उपरांत ऐसे सभी नए मतदाता, जिनकी आयु 01 अक्टूबर, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 05 अगस्त, 2026 से 04 सितंबर, 2026 तक पात्र नागरिक अपने संबंधित बीएलओ अथवा ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में सभी पात्र नागरिक निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन कर अपने मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सुदृढ़ता प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदाता के रूप में पंजीकरण पर निर्भर करती है। इसलिए सभी युवा, शैक्षणिक संस्थान, स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संस्थाएँ, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें तथा मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं भी मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सभी का समय पर मतदाता सूची में पंजीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाएगा।