गुड़ाबांधा के दिव्यांग युवक को मिली व्हीलचेयर, नाम्या स्माइल फाउंडेशन की पहल
जमशेदपुर, 01 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी पंचायत के कोईमा गांव निवासी दिव्यांग युवक आशीष घोष (26) को नाम्या स्माइल फाउंडेशन की ओर से व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। पूर्व विधायक एवं फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाड़ंगी ने यह सहायता प्रदान करते हुए कहा कि जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की सेवा करना समाज के प्रति सभी की जिम्मेदारी है।
बताया गया कि स्थानीय झामुमो कार्यकर्ता बेनुधर घोष ने आशीष घोष की स्थिति से कुणाल षाड़ंगी को अवगत कराया था। सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पहल करते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई, जिससे आशीष के आवागमन और दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना नाम्या स्माइल फाउंडेशन का उद्देश्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह व्हीलचेयर आशीष घोष के जीवन को अधिक सहज और आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होगी।
व्हीलचेयर मिलने पर आशीष घोष एवं उनके परिजनों ने फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली यह सहायता दिव्यांग युवक के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगी।
इस मौके पर झामुमो प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन, बिनोद बाघाल, हार्ड राम सोरेन, रघुलाल मुर्मू, रविलाल सोरेन, पद्मलोचन बेरा, रामानंद गोस्वामी, रंजीत सीट तथा प्रदीप गिरी समेत अन्य लोग मौजूद थे।