सीनी में 20 दुकानों की जांच, तंबाकू उत्पादों पर चेतावनी प्रदर्शित नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी
सरायकेला, 30 सितंबर : सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA), झारखंड संशोधित अधिनियम-2021 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट से जुड़े प्रावधानों के अनुपालन को लेकर बुधवार को सीनी ओपी क्षेत्र में जिला तंबाकू नियंत्रण टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 20 दुकानों की जांच की गई।
उपायुक्त एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर जिला परामर्शी, NTCP अशोक यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों की जांच की गई। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्धारित दायरे में तंबाकू उत्पाद अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं करें।
जांच के दौरान दुकानदारों को हैंडबिल और पंपलेट उपलब्ध कराकर तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर अनिवार्य स्वास्थ्य चेतावनी एवं चेतावनी चित्र से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। टीम ने खुले में सिगरेट की बिक्री को भी निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन के रूप में बताते हुए नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
होटल संचालकों और प्रबंधकों को अपने प्रतिष्ठानों में मानक के अनुरूप ‘गैर-धूम्रपान क्षेत्र’ (No Smoking Area) का बोर्ड या दीवार लेखन अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया। टीम ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर COTPA-2003 के तहत कार्रवाई और जुर्माना किया जा सकता है।
जिला तंबाकू नियंत्रण टीम के अनुसार शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और न्यायालय परिसर के आसपास तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों के अनुपालन को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के साथ तंबाकू मुक्त और स्वस्थ समाज को बढ़ावा देना है।
इस दौरान लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए सेवन छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग की ओर से परामर्श और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सदर अस्पताल में तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र संचालित है, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध है।
अभियान में NTCP सलाहकार समेत सीनी ओपी के पुलिसकर्मी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।



