ईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं एईआरओ ने भ्रमणशील रहते हुए विभिन्न मतदान केंद्रों पर संचालित गतिविधियों का किया अवलोकन
जमशेदपुर, 22 जुलाई : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक तथा निर्वाचन पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDD सूची का सत्यापन कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। बैठक में बीएलओ एवं बीएलए-2 द्वारा प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDD सूची का बिंदुवार मिलान किया गया। सूची में डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपलब्ध तथा गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर से इंकार करने वाले मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का सत्यापन किया गया, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
साथ ही 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, आवश्यक दावे एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन तथा मतदाता सूची के अद्यतनकरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
जिला अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ एवं एईआरओ तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी ने भ्रमणशील रहते हुए विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैठक एवं निर्वाचन पाठशाला की गतिविधियों का अवलोकन किया तथा बीएलओ एवं बीएलए-2 को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का सावधानीपूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने की बात कही।
जिला प्रशासन ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बीएलए-2 एवं संबंधित हितधारकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में आगे भी सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके।