सरायकेला में अवैध बालू परिवहन पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त

सरायकेला, 07 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नया पुलिया के समीप एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। पकड़े गए ट्रैक्टर में बालू लोड है। यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला खनन विभाग द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज संसाधनों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नया पुलिया के पास एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। संबंधित वाहन को मौके पर ही जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई हेतु सरायकेला थाना को सौंप दिया गया।
प्रकरण से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम सहित अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।



