उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की पहल, पद्मश्री सिमोन उरांव को मिला सहारा

रांची, 27 अगस्त : रांची समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में बेड़ो गांव के ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुँचे। इसी दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से पद्मश्री सम्मानित पर्यावरणविद् सिमोन उरांव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उरांव जी को चलने-फिरने में काफी दिक्कतें हो रही हैं।
उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। आदेश के पालन में बुधवार को जिला प्रशासन की टीम बेड़ो स्थित उनके आवास पहुँची और उन्हें ट्राइसाईकिल उपलब्ध कराया।
इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए पद्मश्री सम्मानित सिमोन उरांव ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, रांची जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस मदद से उनके दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी उपायुक्त की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं।



