जहां-तहां वाहन पार्किंग करने वालों पर गिरी गाज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत एक्शन में – 55 वाहनों पर ठोंका 89,750 रुपये का जुर्माना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जहां-तहां वाहन पार्किंग करने वालों पर गिरी गाज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत एक्शन में – 55 वाहनों पर ठोंका 89,750 रुपये का जुर्माना

सरायकेला/आदित्यपुर, 27 अगस्त : जिले के आदित्यपुर–कांड्रा मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जाम और दुर्घटनाओं की वजह बनी अनियमित एवं बेतरतीब वाहन पार्किंग पर अब जिला पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के निर्देश पर बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान में डेंजर तरीके से खड़े वाहनों पर जमकर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सर्विस लाइन रोड पर खड़े छोटे-बड़े 55 वाहनों के मालिकों पर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस क्रम में कुल 89,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

स्थानीय लोगों ने की सराहना

स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई का स्वागत किया। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ होती थीं और यातायात व्यवस्था ध्वस्त रहती थी। कई बार मोटरसाइकिल सवार और राहगीर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। अब एसपी के इस ठोस कदम से लोगों को उम्मीद जगी है कि यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

“अब और नहीं होगी मनमानी पार्किंग”

आदित्यपुर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि जिस तरह पुलिस कप्तान ने मोर्चा संभाला है, उससे साफ संकेत है कि सड़क पर मनमानी पार्किंग करने वालों की अब खैर नहीं। उनका कहना है कि यह कार्रवाई न सिर्फ दुर्घटनाओं को कम करेगी बल्कि आम लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी को भी दूर करेगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह अभियान एक बार की कार्रवाई नहीं है। आने वाले दिनों में भी जिलेभर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ऐसे विशेष अभियान चलाए जाएंगे। एसपी मुकेश लुणायत ने साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article