भूमि पूजन के साथ श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखी गई

जमशेदपुर, 26 फरवरी : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव (कदमा) में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण हेतु आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम गुरुवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति रही।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहितों द्वारा विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह केंद्र श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जाएगा। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र की रूप-रेखा ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार की जाएगी।
कार्यक्रम में टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन, ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एसके बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास, श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



