चुनीडीह गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर/पटमदा, 01 अगस्त : बोड़ाम थाना अंतर्गत चुनीडीह गांव में शुक्रवार को एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय माणिक महतो के रूप में हुई है, जो मानसिक तनाव से जूझ रहा था। यह घटना उस समय सामने आई जब स्थानीय लोगों ने सुबह चुनीडीह पुलिया के पास नाले में एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक माणिक की लाश उस नाले से बरामद की गई, जो बोड़ाम से प्रखंड मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़क के पुलिया से होकर गुजरता है। इस स्थान पर बारिश के कारण पानी का बहाव तेज हो गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि नहाने के दौरान माणिक का पैर फिसला और वह तेज धार में बह गया। जब तक कोई उसे बचा पाता, काफी देर हो चुकी थी। पुलिस को शव मिलने की सूचना सुबह करीब साढ़े 10 बजे मिली, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि माणिक बीते कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान था। दो वर्ष पूर्व उसका विवाह पश्चिम बंगाल की एक युवती से हुआ था, लेकिन शादी के डेढ़ महीने बाद ही पत्नी उसे छोड़ मायके चली गई और कुछ समय बाद तलाक भी दे दिया। इस घटना के बाद से माणिक अवसाद में रहने लगा और नशे का भी आदी हो गया था। वह गांव में अन्य ट्रैक्टर मालिकों के लिए ट्रैक्टर चलाया करता था और अपनी वृद्ध व बीमार मां के साथ घर में रहता था। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि शव को जिस स्थान से बरामद किया गया, वह क्षेत्र नहाने के लिए आमतौर पर इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन शुक्रवार को बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। प्रारंभिक जांच में यही माना जा रहा है कि नहाते समय वह डूब गया। हालांकि, मौके पर उस वक्त कोई मौजूद नहीं था, जिससे घटना की सटीक जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में जब एक महिला स्नान के लिए घाट पर पहुंची, तो उसने शव को देखकर शोर मचाया और लोगों को जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलु की जांच कर रही है। माणिक की मौत एक दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण—यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
इधर, बेटे की असामयिक मौत से माणिक की बूढ़ी मां बेसहारा हो चुकी हैं और उनका रो-रो कर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: मनभूम अपडेट्स –
www.manbhumupdates.com


