परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के परिधि में एसडीएम ने लगाया निषेधाज्ञा, 20 जुलाई को होना है मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के परिधि में एसडीएम ने लगाया निषेधाज्ञा, 20 जुलाई को होना है मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा

                        सांकेतिक छाया 

विशेष संवाददाता खूंटी, 18 जुलाई : मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृति परीक्षा 2025 इस वर्ष 20 जुलाई को पूर्वाह्न 10:45 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक होना निश्चित हुआ है। इसके लिए खूंटी जिला मुख्यालय स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय, खूंटी में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, खूंटी द्वारा लिखे गए पत्र के आलोक में परीक्षा कदाचारमुक्त, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु अनुमंडल दंडाधिकारी दीपेश कुमारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निषेधाज्ञा जारी किया है। यह आदेश 20 जुलाई को प्रातः छह से संध्या छह बजे तक परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में लागू रहेगा।
इसके तहत विद्यालय परिसर में परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र के बिना प्रवेश करना वर्जित रहेगा, परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक गजट, डिजिटल घड़ी, मोबाईल, इयरफोन, पेनड्राईव, कैलकुलेटर, आदि लेकर प्रवेश करना वर्जित रहेगा। (सरकारी कार्य में लगे पुलिस पदाधिकारी/कर्मचारी को छोड़कर)। वहीं परीक्षा के दौरान परीक्षा हॉल में मोबाईल फोन/इलेक्ट्रॉनिक गजट का उपयोग करना वर्जित रहेगा। (वीक्षक / परीक्षा में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी सहित), किसी भी प्रकार का हरवे-हथियार जैसे लाठी, डंडा, भाला, गड़ासा, तीर-धनुष आदि लेकर विद्यालय परिसर में प्रवेश करना या चलना प्रतिबंधित रहेगा (सरकारी कार्य में लगे पुलिस पदाधिकारी/कर्मचारी को छोड़कर), विद्यालय परिसर में किसी प्रकार का आग्नेयास्त्र, अस्त्र-शस्त्र, विस्फोटक पदार्थ लेकर चलना या प्रवेश करना प्रतिबंधित रहेगा। (सरकारी कार्य में लगे पुलिस पदाधिकारी /कर्मचारी को छोड़कर) और विद्यालय परिसर में परीक्षार्थी के अभिभावक, किसी अन्य व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। (परीक्षार्थी / परीक्षा में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी को छोड़कर)।

Share This Article