दलमा वन्यजीव अभयारण्य में ईको सेंसिटिव जोन के नाम पर कार्यों का विरोध, 25 फरवरी को विशाल महाजन सम्मेलन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दलमा वन्यजीव अभयारण्य में ईको सेंसिटिव जोन के नाम पर कार्यों का विरोध, 25 फरवरी को विशाल महाजन सम्मेलन

चांडिल, 19 फरवरी : दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में प्रस्तावित ईको सेंसिटिव जोन के नाम पर आदिवासियों एवं ग्राम सभाओं को नजरअंदाज कर किए जा रहे विकास कार्यों के विरोध में 25 फरवरी 2026 को दलमा के माकुलाकोचा फुटबॉल मैदान में विशाल महाजन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आह्वान दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच, कोल्हान द्वारा किया गया है।

आयोजकों का आरोप है कि ईको सेंसिटिव जोन के तहत किए जा रहे कार्य वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) का उल्लंघन हैं और ग्राम सभाओं की पूर्व सहमति के बिना किसी भी प्रकार का विकास कार्य स्वीकार्य नहीं है। उनका कहना है कि क्षेत्र के पारंपरिक अधिकारों और आजीविका पर संभावित प्रभाव को देखते हुए व्यापक जनचर्चा आवश्यक है।

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए दलमा तराई क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बोड़ाम प्रखंड के कोयरा ग्राम सहित अन्य स्थानों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए 25 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में माकुलाकोचा फुटबॉल मैदान पहुंचने की अपील की गई है।

इस दौरान सुकलाल पहाड़िया, राधेश्याम सिंह सरदार, बुचन सिंह, ग्राम प्रधान अंगद सिंह, सुषेण सिंह सरदार, सनातन सिंह, विश्वनाथ सिंह, कार्तिक सिंह लाया, छुटुलाल सिंह, विभीषण सिंह, कमल कान्त सिंह, नगेन सिंह, भूपति सिंह एवं बाघाम्बर सिंह सहित कई ग्रामीण प्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया।

आयोजकों के अनुसार यह महाजन सम्मेलन ग्राम सभाओं के अधिकारों की रक्षा तथा वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी पालन को सुनिश्चित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Share This Article