चांडिल के चिलगुडीह में केनाल से महिला का शव बरामद, चार दिनों से थी लापता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल के चिलगुडीह में केनाल से महिला का शव बरामद, चार दिनों से थी लापता

चांडिल, 25 नवंबर : चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगुडीह स्थित स्वर्णरेखा मुख्य केनाल में बीती रात एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चिलगुडीह निवासी पार्वती मुर्मू के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता थी। परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, इसी दौरान देर रात केनाल में तैरता हुआ शव दिखाई दिया।

परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना चांडिल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, पार्वती मुर्मू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह अक्सर घर से बिना बताए निकल जाती थी। इसी कारण परिजन उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे।

फिलहाल पुलिस हर संभव एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला दुर्घटना से जुड़ा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएँ जारी हैं और लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

Share This Article